मथुरा में ‘संभव अभियान-2026’ का शुभारंभ, गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा पर रहेगा फोकस
मथुरा। राजीव भवन से बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जागरूकता रैली निकालकर ‘संभव अभियान-2026’ का शुभारंभ किया गया। रैली को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा, बाल विकास परियोजना अधिकारी मथुरा ग्रामीण शशि मिश्रा, मथुरा शहर के बाल विकास परियोजना अधिकारी अशोक कुमार सिंह, मुख्य सेविकाएं तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहीं।
‘संभव अभियान-2026’ की मुख्य थीम “गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा” निर्धारित की गई है। यह अभियान जुलाई से सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक माह अलग-अलग विषयों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जुलाई माह में मातृत्व पोषण, अगस्त माह में छह माह से कम आयु के बच्चों की देखभाल एवं पोषण, तथा सितंबर माह में ऊपरी आहार प्रोत्साहन एवं पोषण माह पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं, कम वजन के साथ जन्मे शिशुओं तथा गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की पहचान की जाएगी। इसके साथ ही गृह भ्रमण, स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श तथा आवश्यकता पड़ने पर पोषण पुनर्वास केंद्रों में संदर्भित करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
संभव अभियान में बाल विकास विभाग के साथ स्वास्थ्य विभाग और पंचायतीराज विभाग की भी महत्वपूर्ण भूमिका तय की गई है। तीनों विभाग मिलकर गर्भावस्था से लेकर बाल्यावस्था तक कुपोषण को दूर करने, पोषण स्तर में सुधार लाने तथा जनजागरूकता बढ़ाने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।
