संचारी रोगों पर वार: जागरूकता रैली के साथ जिले में विशेष अभियान का आगाज

संचारी रोगों पर वार: जागरूकता रैली के साथ जिले में विशेष अभियान का आगाज

मथुरा, जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए 1 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के शुभारंभ पर बुधवार को शहर में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली सीएमओ कार्यालय से शुरू होकर राजीव भवन, पोस्ट ऑफिस, कलेक्ट्रेट, सिविल लाइंस और तहसील मार्ग से होते हुए पुनः सीएमओ कार्यालय पहुंची। इसके बाद संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता के लिए शपथ भी दिलाई गई।

रैली में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, प्रशिक्षु एएनएम, बाल विकास सेवा विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा नगर निगम मथुरा-वृंदावन के कर्मचारियों ने भाग लिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 1 से 31 जुलाई तक अंतर्विभागीय समन्वय के साथ विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा, जबकि 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान पूरे जनपद में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।

वेक्टर बॉर्न डिजीज के नोडल अधिकारी डॉ. अनुज चौधरी ने बताया कि संचारी रोगों के प्रमुख कारणों में मच्छर जनित बीमारियां शामिल हैं। इसके लिए नगर निगम के सहयोग से एंटी लार्वा छिड़काव कराया जाएगा और आमजन को मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

नगरीय मलेरिया अधिकारी डॉ. गोपाल गर्ग ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को मच्छर जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। लोगों को पानी के बर्तनों और टंकियों को ढककर रखने, जलभराव रोकने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का प्रयोग करें तथा नीम या मच्छररोधी तेल का इस्तेमाल करें। बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें और आवश्यक जांच कराएं।

रैली में नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वीबीडी) डॉ. अनुज चौधरी, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रोहिताश तेवतिया, जिला प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अनुज यादव, जिला मलेरिया अधिकारी चंद्र प्रकाश मिश्र, नगरीय मलेरिया अधिकारी डॉ. गोपाल गर्ग, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. हिमांशु, अर्बन कोऑर्डिनेटर एवं वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक संतोष तिवारी, मलेरिया निरीक्षक राहुल सिंह सिसौदिया, नितिन रस्तोगी सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

मच्छरों से बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय:

  • पानी की टंकियों, ड्रम और बर्तनों को ढककर रखें।
  • सप्ताह में कम से कम एक बार पानी के बर्तनों को खाली कर साफ करें।
  • जहां पानी जमा होने से न रोका जा सके, वहां मिट्टी का तेल या जला हुआ मोबिल ऑयल डालें।
  • सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।
  • मच्छररोधी क्रीम या नीम के तेल का उपयोग करें।
  • शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनें।
  • बुखार होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।
  • चिकित्सक द्वारा दी गई दवाओं का पूरा कोर्स करें।
  • घर और आसपास टूटे बर्तन, टायर और अन्य सामान में पानी जमा न होने दें।
  • तेज बुखार की स्थिति में बिना चिकित्सकीय सलाह के एस्पिरिन या ब्रूफेन का सेवन न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *