आरएमपीयू में लोकार्पण करने आ सकते हैं प्रधानमंत्री
अलीगढ़। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं। इसको लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है। हालांकि, कार्यक्रम की तिथि अभी तय नहीं हुई है, लेकिन प्रशासनिक और निर्माण संबंधी गतिविधियों में तेजी आ गई है। प्रधानमंत्री ने ही 14 सितंबर 2021 को विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी थी।
छह जुलाई को विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह होना है, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसके बाद पूरे परिसर को लोकार्पण समारोह के अनुरूप सजाने और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य शुरू किया जाएगा। निर्माण कार्य को 15 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
22 जून को सीएम योगी ने स्वयं परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद निर्माण एजेंसियां युद्धस्तर पर कार्य में जुटी हुई हैं। वर्ष 2019 में इगलास विधानसभा उपचुनाव के दौरान सीएम ने इस विश्वविद्यालय की घोषणा की थी।
प्रबुद्ध सिंह, कुलसचिव, आरएमपीयू का कहना है कि विश्वविद्यालय का प्रधानमंत्री जल्द लोकार्पण कर सकते हैं। हालांकि, अभी तक उनका अधिकृत कार्यक्रम नहीं मिल पाया है। तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
आरएमपीयू में लोकार्पण करने आ सकते हैं प्रधानमंत्री
