आरटीओ की नाक के नीचे डग्गेमारी का नंगा नाचः सूतमिल चैराहे से लाल कुआं-बल्लभगढ़ तक दौड़ रहीं मौत बड़े हादसे का इंतजार

आरटीओ की नाक के नीचे डग्गेमारी का नंगा नाचः सूतमिल चैराहे से लाल कुआं-बल्लभगढ़ तक दौड़ रहीं मौत, बड़े हादसे का इंतजार

धर्मेन्द्र राघव
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार भले ही सूबे में सुरक्षित सफर और कानून व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन खैर का सूतमिल चैराहा इस वक्त अवैध डग्गामारी का सबसे बड़ा अड्डा बन चुका है। परिवहन विभाग की कथित मेहरबानी और स्थानीय पुलिस की सुस्ती के चलते यहाँ नियम-कानूनों को सरेआम सूली पर टांग दिया गया है। चैराहे से रोजाना दर्जनों अवैध और निजी वाहन सवारियों की जिंदगी से खिलवाड़ करते हुए फर्राटा भर रहे हैं, जिससे यहाँ कभी भी कोई भयावह हादसा हो सकता है।
प्राइवेट गाड़ियाँ बनीं टैक्सी, टैक्स चोरी के साथ जिंदगी से खिलवाड़
चैंकाने वाली बात यह है कि कमर्शियल परमिट की धज्जियां उड़ाते हुए, लोग अपनी निजी (प्राइवेट) गाड़ियों को धड़ल्ले से सवारी ढोने के काम में इस्तेमाल कर रहे हैं। सूतमिल चैराहे से लेकर लाल कुआं और बल्लभगढ़ तक के लंबे रूटों पर इन गाड़ियों में क्षमता से दोगुनी सवारियाँ ठूस-ठूस कर भरी जा रही हैं।
नो इंश्योरेंस, नो गारंटी
इन प्राइवेट गाड़ियों में बैठने वाले यात्रियों का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड या बीमा नहीं होता। कल को कोई हादसा हो जाए, तो जवाबदेही किसकी होगी?
सरेआम टैक्स चोरी
बिना कमर्शियल टैक्स चुकाए ये गाड़ियां सरकार के राजस्व को तो चूना लगा ही रही हैं, साथ ही वैध रूप से चलने वाले वाहन चालकों के पेट पर भी लात मार रही हैं।
तस्वीर बयां कर रही हकीकत क्या केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित
वायरल हो रही तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि चैराहे पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखी गाड़ियों और अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद ये डग्गामार बेखौफ खड़े हैं। जनता सवाल पूछ रही है कि आखिर इन अवैध वाहन चालकों को किसका संरक्षण प्राप्त है? चेकिंग के नाम पर केवल खानापूर्ति क्यों की जा रही है? क्या विभाग को किसी बड़ी अनहोनी या लाशों के ढेर लगने का इंतजार है?
सड़कें बनीं असुरक्षित, सहमे हैं राहगीर
स्थानीय लोगों का कहना है कि सूतमिल चैराहे पर इन डग्गामारों के कारण हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है। सवारियाँ बैठाने की होड़ में ये चालक सड़कों पर गाड़ियां दौड़ाते हैं, जिससे पैदल चलने वाले राहगीरों की जान पर भी हर वक्त आफत बनी रहती है।
प्रशासन तुरंत चेते, वर्ना भुगतना होगा अंजाम
क्षेत्र की जनता अब इस गुंडागर्दी और अवैध कारोबार से आजिज आ चुकी है। उच्च अधिकारियों और आरटीओ विभाग को इस गंभीर मामले का तत्काल संज्ञान लेना होगा। सूतमिल चैराहे पर परमानेंट चेकिंग लगाकर इन अवैध प्राइवेट गाड़ियों को सीज किया जाए, वरना जनता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।
क्या कहते हैं जिम्मेदारः-
इस सबंध में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन प्रवेश कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा डगगेमार वाहनों के खिलाफ लगातार विभाग की टीमें कार्यवाही कर रही हैं,और आगे भी यह कार्यवाही निरन्तर लगातार जारी रहेगी। इस ताह का मामला संज्ञान में आया है इसके खिलाफ कार्यवाही के लिये टीमों को निर्देश दिये गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *