लावारिस सात वर्षीय बच्ची को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया

लावारिस सात वर्षीय बच्ची को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया
मिशन शक्ति टीम व जैंत पुलिस की सराहना

चौमुहां (मथुरा)। थाना जैंत क्षेत्र के गांव बाटी में लावारिस हालत में घूम रही सात वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। बच्ची मंगलवार सुबह घर से नमक लेने निकली थी और रास्ता भटक गई थी। सुरक्षित वापसी पर परिजनों ने पुलिस व मिशन शक्ति टीम का आभार जताया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाटी गांव में एक महिला को सात वर्ष की बालिका लावारिस अवस्था में घूमती हुई मिली। महिला ने पहले गांव में ही पूछताछ की, लेकिन बच्ची के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उसने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को थाने ले आई। थाने के मिशन शक्ति केंद्र ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की। पूछताछ में बच्ची केवल थाना फरह क्षेत्र के गांव ‘महुअन’ का नाम बता सकी। इसी आधार पर जैंत पुलिस ने महुअन गांव में संपर्क कर परिजनों को थाने बुलवाया। थाने पहुंचे परिजनों ने बच्ची की पहचान परीना पुत्री रमेश के रूप में की। उन्होंने बताया कि बच्ची मानसिक रूप से कुछ कमजोर है और मंगलवार सुबह घर से नमक लेने निकली थी, लेकिन रास्ता भटक गई। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने मिशन शक्ति केंद्र के प्रभारी विवेक कुमार, काजल भारद्वाज, गुड़िया, कीर्ति सहित पूरी टीम तथा जैंत पुलिस की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *