जिला कारागार मथुरा में बंदियों की चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
मथुरा। जिला कारागार मथुरा में जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग के निर्देशानुसार बंदियों के बौद्धिक विकास एवं सकारात्मक विचार परिवर्तन के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के सहयोग से सोमवार को बंदियों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता के लिए कोई पूर्व निर्धारित विषय नहीं रखा गया था। बंदियों ने अपनी कल्पना और भावनाओं के अनुसार चित्र बनाए। किसी ने तिरंगे का चित्र उकेरा तो किसी ने हाथों में रचाई जाने वाली मेहंदी की कलाकृति बनाई। चित्रकला को आत्म-अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम माना जाता है, जिसे बंदियों ने बखूबी प्रस्तुत किया।
इस प्रतियोगिता में कुल 75 पुरुष एवं 14 महिला बंदियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का अधिकतम अंक 100 निर्धारित किया गया था।
कार्यक्रम अपराध निरोधक समिति के पदाधिकारी कपिल देव शर्मा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। साथ ही कारपाल सुरेंद्र मोहन सिंह, उपकारापाल दुर्गेश प्रताप सिंह, हेमराज तथा शिक्षा अध्यापक सुलेंद्र चौधरी ने प्रतियोगिता की देखरेख की।
प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बंदियों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
