दीपक सारस्वत ने देशवासियों को दिया गणतंत्र दिवस का संदेश
संविधान, कर्तव्य और राष्ट्रनिर्माण पर दिया बल
मथुरा। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ‘ब्रज की आवाज’ के सम्पादक दीपक सारस्वत ने देश के नाम संदेश जारी करते हुए संविधान की गरिमा बनाए रखने और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है और यही लोकतंत्र की सच्ची ताकत है।
दीपक सारस्वत ने अपने संदेश में कहा कि 26 जनवरी 1950 को देश में लागू हुआ संविधान हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों की आधारशिला है। यह हमें समानता, न्याय और स्वतंत्रता का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना ही सच्चे अर्थों में गणतंत्र की सफलता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, नवाचार और सकारात्मक सोच के माध्यम से देश के विकास में अपनी भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है, जो जनता की आवाज को सत्ता तक पहुंचाने का कार्य करती है।
सम्पादक ने स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण और सेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लेने की अपील की।
